
Maharajganj : मुख्यमंत्री योगी ने किया रोहिन बैराज का लोकार्पण, बोले- वक्फ बोर्ड संशोधन से जमीनों की लूट पर लगेगी लगाम
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महराजगंज जिले में 148 करोड़ रुपये की लागत से बने रोहिन बैराज का लोकार्पण किया। अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम योगी ने इस दौरान कुल 654 करोड़ रुपये की लागत की 629 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि आगामी तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश से गरीबी को समाप्त कर इसे देश का नंबर एक राज्य बनाया जाएगा। वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वक्फ के नाम पर जमीनों पर अवैध कब्जे नहीं हो सकेंगे। यह संशोधन जनकल्याण के कार्यों के लिए जमीनों के सही उपयोग को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में यूपी देश में सातवें नंबर की अर्थव्यवस्था थी, जो अब दूसरी सबसे बड़ी बन गई है। उन्होंने मुसहर, वनटांगिया और थारू जनजातियों के उत्थान की योजनाओं का भी उल्लेख किया। प्रदेश में सड़कों और सिंचाई परियोजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि गोरखपुर-नौतनवा और फरेंदा-नौतनवा मार्ग को फोरलेन बनाया जा रहा है। पिछले आठ वर्षों में 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा और 14 लाख किसानों के खेतों को मुफ्त ट्यूबवेल से जोड़ा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण की बात करते हुए सीएम योगी ने बताया कि हर विकासखंड में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय और श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रदेश में माफियाओं का नहीं बल्कि मेडिकल कॉलेजों और विकास का राज है। महराजगंज में केंद्रीय विद्यालय और स्पोर्ट्स स्टेडियम भी जल्द शुरू होंगे।
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल